चकलुवा में बंदरों के झुंड का हमला, पुल निर्माण में लगा मजदूर गंभीर रूप से घायल; हल्द्वानी रेफर
चकलुवा में बंदरों के झुंड का हमला, पुल निर्माण में लगा मजदूर गंभीर रूप से घायल; हल्द्वानी रेफर
कालाढूंगी। तहसील क्षेत्र के चकलुवा में कटखने बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ बंदरों के एक खूंखार झुंड ने पुल निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है, जहाँ उसकी सर्जरी होनी है।
जानकारी के मुताबिक, 36 वर्षीय विमल चौधरी चकलुवा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल पर मजदूरी करता है। वह अपने साथियों के लिए खाना बनाने के उद्देश्य से पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर गया था। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। बंदरों ने विमल के हाथ, पैर और कमर पर जगह-जगह काटकर गहरे घाव कर दिए। मजदूर की चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने बमुश्किल बंदरों को भगाकर उसकी जान बचाई।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीण घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी ले गए। डॉक्टरों ने हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। फिलहाल हल्द्वानी के अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बंदरों के हमले से स्थानीय निवासियों और मजदूरों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।