ख़बर शेयर करें -

देवभूमि उत्तराखंड में मॉनसून का रौद्र रूप थमने का नाम नहीं ले रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 7 सितंबर को प्रदेशभर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की गंभीर चेतावनी जारी की है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं. वहीं बाकी जिलों में भी गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है. लगातार हो रही बारिश से जहां मैदानी और पर्वतीय इलाकों के अधिकतम तापमान में सामान्य से काफी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं नदी-नाले उफान पर आ गए हैं.

मौसम विभाग की चेतावनी और जमीनी हालातों की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासनों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले में लगातार हो रही बरसात और जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदोरिया ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और जलभराव वाले इलाकों की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और नदियों-नालों के किनारे न जाने की कड़ी अपील की है.

🌸चमोली में चोटियों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में 19 सड़कें बंद
चमोली जिले में बीते 1 सितंबर से लगातार रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बना हुआ है, जिससे पहाड़ी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. एक तरफ जहां निचले इलाकों में बारिश मुसीबत बनी हुई है, वहीं बद्रीनाथ धाम की ऊंची चोटियों नर नारायण पर्वत और नीलकंठ पर्वत पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है. इसके अलावा हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी के शिखरों पर भी बर्फ की सफेद चादर बिछने से पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड लौट आई है. नीति-मलारी घाटी में भी हालात सामान्य नहीं हैं, मलारी गांव के पास बरसाती नाला अचानक उफनने से खेतों और जमीन का तेजी से कटाव हो रहा है. भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण चमोली जिले में 19 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हो चुके हैं.

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 9.91 लाख से अधिक लाभार्थियों को अगस्त माह की पेंशन जारी, सीएम धामी ने दिए 'अकाउंट बेस्ड पेमेंट' के निर्देश

🌸पिथौरागढ़ में टनकपुर हाईवे बंद, दर्जनों यात्री रास्तों में फंसे
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में भारी बारिश के कारण हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. पहाड़ी से लगातार विशालकाय बोल्डर और मलबा गिरने के चलते पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे घाट के पास पूरी तरह बंद हो गया है. सड़क बंद होने से हाईवे के दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई है और बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं. प्रशासन की टीमें मौके पर मार्ग बहाल करने में जुटी हैं, लेकिन पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण राहत कार्य में भारी मुश्किलें पेश आ रही हैं. जिले भर में भूस्खलन के चलते लगभग 20 लिंक सड़कें बंद पड़ी हैं.

🌸बागेश्वर में सोराग गांव 1 महीने से कटा, 12 आंतरिक मार्ग ठप
बागेश्वर जिले में मूसलाधार बारिश का दौर बिना रुके जारी है. मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. कांडा, शामा, कपकोट और गरुड़ समेत लगभग सभी तहसीलों में तेज बारिश दर्ज की जा रही है. जिले की करीब 12 कनेक्टिंग सड़कें बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है. मल्ला दानपुर के सोराग गांव का मुख्य मार्ग पिछले करीब एक माह से बंद है, जिससे ग्रामीणों की जिंदगी नारकीय बन चुकी है. सड़क संपर्क टूटने के कारण आपात स्थिति में बीमार और बुजुर्ग लोगों को डोली-पालकी के सहारे मीलों पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है.

🌸उधम सिंह नगर के बाजपुर में लेवड़ा नदी का कहर, हल्द्वानी हाईवे जलमग्न
मैदानी जिले उधम सिंह नगर में आफत की बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है. बाजपुर क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के चलते लेवड़ा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, जिससे नदी का पानी सीधे हल्द्वानी स्टेट हाईवे-13 पर बहने लगा. हाईवे पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण सड़क तालाब में तब्दील हो गई और दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया. छोटे वाहनों का आवागमन सुरक्षा के लिहाज से रोक दिया गया है.

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:​हवालबाग में बारिश का कहर: उडयूडा में मकान पर गिरा पहाड़ी का मलबा, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत

🌸हल्द्वानी और नैनीताल में भारी जलभराव, सामान्य जीवन बेपटरी
कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश जारी है. शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और कॉलोनियों में पानी भर जाने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. नैनीताल के पहाड़ी हिस्सों में मिट्टी धंसने और नालों के उफान पर होने के कारण खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दे दिए हैं. जलभराव की वजह से शहरी इलाकों में जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है.

🌸उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे पर मलबा, नदियां उफान पर
उत्तरकाशी जिले में भी भारी बारिश से हालात संवेदनशील हैं. गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बोल्डर और मलबा गिरने से चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात बार-बार बाधित हो रहा है. प्रशासन द्वारा भारी मशीनों की मदद से रास्तों को सुचारू रखने के प्रयास जारी हैं, लेकिन बारिश से काम में रुकावट आ रही है. जिले के कई ग्रामीण लिंक रोड भी बंद हैं. मूसलाधार बारिश के चलते गंगा और यमुना दोनों प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते तटवर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

🌸आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा. 8 और 9 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. इसके बाद 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में एक बार फिर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *