Uttrakhand News :भीमताल नगर पालिका, मुनस्यारी नगर पंचायत, पढ़िए धामी कैबिनेट के अहम फैसले

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ जिले का मुनस्यारी ब्लॉक और भीमताल नगर पंचायत अब नगर पालिका परिषद होंगे। चमोली जिले का नंदानगर नगर पंचायत होगा। चार निकायों कीर्तिनगर, हरबर्टपुर, नरेंद्रनगर और रुद्रप्रयाग का सीमा विस्तार किया जाएगा।

बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों पर मुहर लग गई। अभी तक प्रदेश में 102 नगर निकाय (नौ नगर निगम, 43 नगर पालिका और 50 नगर पंचायत) हैं, जिनकी संख्या अब 105 हो जाएगी।

💠यहां बनेंगे तीन नए निकाय

भीमताल नपं : नगर पंचायत भीमताल को उच्चीकृत कर नगर पालिका परिषद बनाया जाएगा। यहां के निवासियों को प्रकाश, सीवर लाइन, पक्की नाली, सड़कें, साफ-सफाई, संपर्क मार्ग, शौचालयों आदि की समुचित सुविधा मिलेगी। नगर पालिका परिषद के मानकों के अनुसार कर्मचारियों की नियुक्ति होने के साथ ही निकाय को मिलने वाले अनुदान भी बढ़ेंगे। इससे पर्यटक स्थल में और बेहतर विकास कार्य हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा में भाजयुमो की स्वदेशी संकल्प दौड़: स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती पर युवाओं ने दिखाया जोश

💠मुनस्यारी ब्लॉक : मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत पिथौरागढ़ के विकासखंड मुनस्यारी को नगर पालिका परिषद बनाया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत सरमोली (शंखधूरा व सरमोली राजस्व गांव), जैंती, मल्ली घोपट्टा, बूंगा और ग्राम पंचायत तल्ली घोपट्टा को इस नगर पंचायत में शामिल किया जाएगा।

💠नंदानगर : चमोली जिले के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय घाट में नंदानगर के नाम से नगर पंचायत बनाने का फैसला लिया गया है। इस क्षेत्र के लोगों को सीवरलाइन से लेकर शौचालय जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी। उनकी आर्थिकी भी मजबूत होगी।

💠इन निकायों का होगा सीमा विस्तार

रुद्रप्रयाग : नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग का सीमा विस्तार होगा। इसमें राजस्व ग्राम बर्सू, जयमंडी, डागसेरा, औण, कालापहाड़ और राजस्व ग्राम धवेली (उमरानारायण मंदिर से धवेली गदेरे तक) तथा राजस्व ग्राम जवाड़ी (केदारनाथ मुख्य मार्ग बाईपास पुल से जवाड़ी बाईपास पुल तक) को शामिल किया जाएगा।

💠कीर्तिनगर : नगर पंचायत कीर्तिनगर का सीमा विस्तार होगा। टिहरी गढ़वाल की सीमा से लगे ग्राम सभा घिल्डियाल गांव जाखड़ी के अंतर्गत राजस्व ग्राम मांडाकुटी सैंण के छूटे हुए 32 परिवारों और ग्रामसभा रामपुर के राजस्व ग्राम मोहननगर को नगर पंचायत कीर्तिनगर में शामिल किया जाएगा। इससे नगर पंचायत के सौंदर्यीकरण में बढ़ोतरी होने के साथ ही नगर की आय भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:"अल्मोड़ा: पार्किंग संचालन के अधिकार को लेकर छिड़ा विवाद, कांग्रेस ने जिला विकास प्राधिकरण के टेंडर का किया विरोध"

💠हरबर्टपुर : नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर का सीमा विस्तार होगा। इसमें आसपास के ग्रामीण या अर्द्ध शहरी इलाके भी शामिल किए जाएंगे। हरबर्टपुर की हजारों की आबादी को शहरी सुविधाओं स्ट्रीट लाइट, पक्की नाली, सीवर, संपर्क मार्ग आदि का लाभ मिलेगा। साथ ही नगर की आय भी बढ़ेगी।

💠नरेंद्रनगर : टिहरी गढ़वाल के नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर का भी सीमा विस्तार होगा। पर्यटन के लिहाज से यहां का काफी इलाका ऐसा है, जिसे अलग तरह से विकसित करने की जरूरत है। इस विस्तार से आसपास के कई क्षेत्र नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो जाएंगे और वहां विकास की बेहतर योजनाएं चल सकेंगी।