भारत में प्रतिबंधित नेपाली खुकरी सिगरेट,नेपाल से भारत में हो रही है जमकर तस्करी

पिथौरागढ़। भारतीय बाजार में नेपाली खुकरी सिगरेट ने लगाई सेंध लगा रखी है। तस्कर नेपाल पुलिस, भारतीय पुलिस और एसएसबी की आंखों में धूल झोंककर खुकरी सिगरेट की तस्करी कर रहे हैं।
🔹चरस, खाद्य पदार्थ और निर्माण सामग्री भी नेपाल पहुंचाई जा रही
भारतीय बाजारों में भी खुकरी सिगरेट बिक रही है। इसके बाद भी तस्करी पर रोक लगाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। बिना टैक्स के तस्करी कर भारत पहुंच रही सिगरेट से सरकार के राजस्व को चूना लग रहा है। सीमांत जिले पिथौरागढ़ की नेपाल के साथ 150 किमी लंबी खुली सीमा लगी हुई है। खुली सीमा का तस्कर फायदा उठा रहे हैं। नेपाल से भारत में प्रतिबंधित खुकरी सिगरेट भारतीय बाजारों और भारत से घोड़ा बीड़ी नेपाल के बाजारों में पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा चरस, खाद्य पदार्थ और निर्माण सामग्री भी नेपाल पहुंचाई जा रही है।
करीब एक साल पूर्व पिथौरागढ़ पुलिस ने नेपाल सीमा से सटे तल्लाबगड़ से एक व्यापारी के पास से बड़ी संख्या में खुकरी की बड़ी खेप पकड़ी थी। कुछ समय तस्करी में अंकुश लगने के बाद फिर से खुकरी सिगरेट की तस्करी शुरू हो गई है। पिथौरागढ़ ही नहीं खुकरी सिगरेट को चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर जिलों सहित अन्य मैदानी जिलों को भेजा जा रहा है। तस्कर तो मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, लेकिन सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
🔹इन स्थानों से हो रही है खुकरी सिगरेट की तस्करी
झूलाघाट, अड़वा, अमतड़ी, डौड़ा, तल्लाबगड़, रणवा, द्वालीसेरा चकद्वारी, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला।
चरस पीने वाले ज्यादा पसंद करते खुकरी सिगरेट को मिली जानकारी के अनुसार चरस पीने वाले लोग खुकरी सिगरेट को ज्यादा पसंद करते हैं। बताया जाता है कि खुकरी सिगरेट का तंबाकू भारतीय सिगरेट में भरे गए तंबाकू से ज्यादा नशा करता है। जिस कारण भारतीय बाजारों में इसकी काफी मांग है। एक खुकरी सिगरेट का पैकेट 110 से 120 रुपये में मिल जाता है।