Almora News:अल्मोड़ा में 24 जून से सजेगी ‘जात्रा’ द कसार फेस्टिवल की महफिल, साहसिक खेलों और संस्कृति का दिखेगा संगम

0
ख़बर शेयर करें -

जात्रा’ द कसार फेस्टिवल 2026 का आयोजन 24 से 28 जून तक

अल्मोड़ा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र कसार देवी स्थित दीना पानी ग्राउंड में 24 जून से 28 जून 2026 तक ‘जात्रा’ द कसार फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का संचालन टीम देवस्थली एवं टीम हिमालयन रूट्स रिवाइवल द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक खेलों, लोक संस्कृति, साहित्य, कला तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उत्सव के दौरान विभिन्न साहसिक प्रतियोगिताओं जैसे माउंटेन बाइक (MTB) रेसिंग एवं ट्रेल रनिंग का आयोजन किया जाएगा। साथ ही चित्रकला, फैशन, ऐपण कला, सतत (सस्टेनेबल) कला और अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा: रेडक्रॉस सोसाइटी ने किया पौधारोपण, 'एक वृक्ष मां के नाम' लगाने का दिया संदेश

महोत्सव की विशेषता इसका ओपन स्टेज है, जिसमें किसी भी आयु वर्ग का प्रतिभागी अपनी कला, प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन कर सकता है। यह मंच गायन, वादन, नृत्य, कविता, कहानी, नाटक अथवा किसी भी प्रकार की रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए खुला रहेगा।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिष्ठित वक्ता, लेखक, कवि, कलाकार, शिक्षाविद, प्रोफेसर, सैन्य अधिकारी तथा अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो अपने अनुभवों एवं ज्ञान के माध्यम से विविध विषयों पर चर्चा करेंगे और युवाओं तथा स्थानीय समुदाय को प्रेरित करेंगे।

‘जात्रा’ का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य समुदाय निर्माण (कम्युनिटी बिल्डिंग) भी है। इस दिशा में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अनेक सामूहिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पारंपरिक झोड़ा-चांचरी, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) तथा अन्य लोक खेलों एवं सहभागितापूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और आनंद साझा करने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  Pithoragarh News:पिथौरागढ़: डीएम आशीष भटगांई ने लोनिवि विद्युत यांत्रिक खंड का किया औचक निरीक्षण, मिली अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार

यह महोत्सव विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा, जिन्हें अभी तक व्यापक पहचान नहीं मिल पाई है। ‘जात्रा’ का प्रयास है कि स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं को सम्मानपूर्वक अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिले।

आयोजकों ने सभी स्थानीय निवासियों, युवाओं, कलाकारों, साहित्य प्रेमियों, साहसिक खेलों के प्रतिभागियों तथा पर्यटकों से इस उत्सव में सम्मिलित होने का हार्दिक आमंत्रण दिया है। ‘जात्रा’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हिमालय की संस्कृति, रचनात्मकता और सामुदायिक भावना का एक जीवंत उत्सव है। विभु कृष्णा, अतुलिय भट्ट, ध्रुव देवली द्वार अल्मोड़ा में पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *