Almora News :नगर के विद्यालयों में आयोजित होने वाले मेलों में सेल बाजार का प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने किया विरोध

अल्मोड़ा।नगर के विद्यालयों में आयोजित होने वाले मेलों में सेल बाजार का प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने विरोध किया है। शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष ने साफ ऐलान किया है कि अगर स्कूलों में सेल बाजार लगाया गया तो वह पूरे अल्मोड़ा में बाजार बंद के लिए मजबूर होंगे।
जिलाध्यक्ष सुशील साह और नगर अध्यक्ष अजय वर्मा का कहना है कि मामले को लेकर डीएम को ज्ञापन दिया जा चुका है। कहना है कि मेलों का आयोजन सरकारी स्कूलों के मैदानों में होता है। इन स्कूलों में गरीब तबके के बच्चे पढ़ाई के लिए आते हैं। मेलों के आयोजन से बच्चों की पढ़ाई ठप पड़ जाती है। जो शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है। साथ ही इन मेलों में लगने वाले सेल बाजार का असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर पड़ता है। मेलों के नाम पर स्थानीय व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल नगर के एडम्स, जीआईसी, रैम्जे इंटर कॉलेज सहित अन्य में मेला महोत्सव कराने का पुरजोर विरोध करेगा। कहा कि मुख्य शिक्षाधिकारी को भी इसका संज्ञान लेना चाहिए। इसके बाद भी शिक्षा विभाग व्यापारियों की अनसुनी करती है तो वह बाजार बंद के लिए मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।