खेत बचाओ अभियान’ के तहत ग्राम चाण में किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती के प्रति किया जागरूक
‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत ग्राम चाण में किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती के प्रति किया जागरूक
अल्मोड़ा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-वीपीकेएएस), अल्मोड़ा द्वारा चलाए जा रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड हवालबाग के ग्राम चाण में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराना और उन्हें जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को खेती में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक व असंतुलित उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों पर बढ़ती निर्भरता से मृदा स्वास्थ्य, भूमि की उर्वरता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। दीर्घकालिक कृषि उत्पादकता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जैविक खाद, कम्पोस्ट, हरी खाद तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. पंकज मिश्रा एवं डॉ. डी. सी. जोशी द्वारा किया गया। उन्होंने किसानों से ‘खेत बचाओ अभियान’ से जुड़कर रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, मृदा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही पर्वतीय क्षेत्र की खेती को अधिक टिकाऊ, सुरक्षित और लाभकारी बनाने में किसानों की सक्रिय भागीदारी को अहम बताया गया।
इस पहल के माध्यम से ग्राम चाण के किसानों में टिकाऊ खेती, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति नई जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया।
