अंकिता केस में बड़ा मोड़: नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर पहुंचे पूर्व विधायक सुरेश राठौर
अंकिता केस में बड़ा मोड़: नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर पहुंचे पूर्व विधायक सुरेश राठौर
आज फॉरेंसिक लैब में होगी जांच, सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करने का किया दावा
वायरल ऑडियो और ‘वीआईपी’ एंगल की सच्चाई खंगालने में जुटी जांच एजेंसी
हरिद्वार, ब्यूरो। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। मामले से जुड़े वायरल ऑडियो और कथित ‘वीआईपी’ एंगल की गुत्थी सुलझाने के लिए ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर सोमवार को गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए। मंगलवार (24 नवंबर) को गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) में उनका नार्को टेस्ट निर्धारित है।
गुजरात रवाना होने से पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि उन्हें सीबीआई का नोटिस प्राप्त हुआ था और वे जांच एजेंसी के साथ हर स्तर पर पूरा सहयोग कर रहे हैं। राठौर ने भावुक होते हुए कहा, “अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और इस पूरे प्रकरण की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। जांच की निष्पक्षता के लिए मैं हर तरह के परीक्षण के लिए तैयार हूं।”
क्यों अहम है यह नार्को टेस्ट? अंकिता हत्याकांड में उस समय नया मोड़ आ गया था, जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन ऑडियो क्लिप्स में मामले से जुड़े एक कथित ‘वीआईपी’ और कुछ रसूखदार लोगों की भूमिका को लेकर चर्चा की गई थी। इसके बाद राज्य सरकार की सिफारिश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
उर्मिला सनावर भी दे चुकी हैं सहमति सीबीआई की टीम इससे पहले हरिद्वार और देहरादून में इस मामले से जुड़े कई किरदारों से लंबी पूछताछ कर चुकी है। सुरेश राठौर से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर भी नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति जता चुकी हैं। अब गांधीनगर में होने वाले नार्को टेस्ट की रिपोर्ट पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मामले के कई अनसुलझे सवालों का जवाब मिलने की उम्मीद है।
