एम्स ऋषिकेश पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, गूलर घाटी बस हादसे के घायलों का जाना हालचाल
एम्स ऋषिकेश पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, गूलर घाटी बस हादसे के घायलों का जाना हालचाल
चिकित्सकों को घायलों के समुचित और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
ऋषिकेश (ब्यूरो)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश पहुंचकर टिहरी गढ़वाल जनपद के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना के घायलों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर उपचाराधीन घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने एम्स के चिकित्सकों की टीम से घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
