नहीं रहे पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय: जन्मदिन के ही दिन अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में ली अंतिम सांस

नहीं रहे पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय: जन्मदिन के ही दिन अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में ली अंतिम सांस

 

 

 

 

अल्मोड़ा। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और ग्रामीण विकास की अलख जगाने वाले प्रख्यात समाजसेवी पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का रविवार को 78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में निधन हो गया। एक अत्यंत दुःखद संयोग यह भी रहा कि आज ही उनका जन्मदिन भी था। उनके निधन से पूरे उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

 

 

 

विदेश का मोह छोड़ पहाड़ों को बनाया कर्मभूमि पश्चिम बंगाल और पंजाब के पूर्व राज्यपाल बी. डी. पाण्डे के सुपुत्र डॉ. ललित पाण्डेय उन विरले व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने उच्च शिक्षा और विदेशों के आकर्षक अवसरों को त्यागकर अपनी मातृभूमि की सेवा को चुना। आईआईटी (IIT) दिल्ली, एमआईटी (MIT) और पर्ड्यू विश्वविद्यालय जैसे विश्व प्रसिद्ध संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौट आए और अपना संपूर्ण जीवन पहाड़ के गांवों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हाथी के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल, वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

 

 

 

उत्तराखंड सेवा निधि के जरिए लाए जमीनी बदलाव ‘उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान’ के माध्यम से उन्होंने विद्यालयों के पाठ्यक्रम में पर्यावरण शिक्षा को जोड़ने की ऐतिहासिक पहल की। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के सैकड़ों दुर्गम गांवों में बच्चों के लिए बालवाड़ियां, ग्रामीण पुस्तकालय और ग्राम शिक्षण केंद्र स्थापित किए। महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, वनीकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उनके कार्यों ने पर्वतीय समाज में दूरगामी सकारात्मक बदलाव लाए।

 

 

 

पद्मश्री सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हुए अलंकृत जमीनी स्तर पर उनके असाधारण सामाजिक और पर्यावरणीय योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2007 में उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से अलंकृत किया। इसके अतिरिक्त उन्हें आईआईटी दिल्ली के ‘विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान’ से भी नवाजा गया था।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, जर्जर छात्रावास बनेगा आधुनिक पुस्तकालय

 

 

 

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जताया गहरा शोक डॉ. ललित पाण्डेय के निधन पर अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. पाण्डेय ने अपने कार्यों से परिवार की लोकसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। उनका जाना अल्मोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जिलाधिकारी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

 

 

डॉ. पाण्डेय का सादगीपूर्ण जीवन और पहाड़ के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

Advertisement