‘जेनी मामले’ में अपनी ही सरकार पर बरसे भाजपा विधायक अरविंद पांडेय, बोले- ‘देवभूमि को कलंकित न करें’
‘जेनी मामले’ में अपनी ही सरकार पर बरसे भाजपा विधायक अरविंद पांडेय, बोले- ‘देवभूमि को कलंकित न करें’
देहरादून (विशेष संवाददाता): उत्तराखंड में चर्चित ‘जेनी मामले’ को लेकर जारी जुबानी जंग के बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय ने अपनी ही पार्टी के बयानवीरों और योजनाकारों को आड़े हाथों लिया है। गदरपुर से पांच बार के विधायक पांडेय ने बिना किसी का सीधा नाम लिए पार्टी के अंदरखाने और सार्वजनिक मंचों पर इस मुद्दे को हवा दे रहे नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
“शर्म आनी चाहिए, ऐसे मुद्दों से देवभूमि हो रही कलंकित”
सोशल मीडिया व मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील और अनावश्यक मुद्दों को तूल देकर उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “शर्म आनी चाहिए ऐसे लोगों को, जो इन मुद्दों को हवा देकर देवभूमि की पावन धरा को कलंकित करने का काम कर रहे हैं।”
पांडेय ने नेताओं की प्राथमिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान इसकी समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से है। उन्होंने कहा, “देवभूमि में हमेशा चारधाम यात्रा, पतित पावनी गंगा-यमुना, वीर सैनिकों के योगदान और हमारी समृद्ध संस्कृति पर चर्चा होनी चाहिए। लेकिन अफसोस की बात है कि यहाँ लोग अपनी मर्यादा भूलकर कुछ और ही कर रहे हैं।”
पांडेय के इस तीखे रुख के बाद सत्ताधारी दल भाजपा और प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेताओं और रणनीतिकारों पर पूर्व मंत्री का यह बड़ा हमला माना जा रहा है, जिससे साफ है कि मुद्दे को लेकर पार्टी के भीतर अंतर्विरोध और असंतोष गहराता जा रहा है।
