नेपाल के प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा: पंचेश्वर डैम, महेंद्रनगर ड्राई पोर्ट और पर्यटन विकास पर होगी अहम चर्चा
नेपाल के प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा: पंचेश्वर डैम, महेंद्रनगर ड्राई पोर्ट और पर्यटन विकास पर होगी अहम चर्चा
देहरादून (विशेष संवाददाता)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का आगामी 22 नवंबर को भारत दौरा प्रस्तावित है, जिसे लेकर उत्तराखंड शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री करीब 22 नवंबर को भारत पहुंचेंगे। इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े कई लंबित व द्विपक्षीय मुद्दों पर उच्च स्तरीय वार्ता होने की संभावना है।
मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार, इस बैठक में लंबे समय से प्रतीक्षित पंचेश्वर डैम परियोजना, भारत-नेपाल सीमा से संबंधित विषय और नेपाल के महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट का निर्माण प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे। इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में जल प्रबंधन, बिजली उत्पादन, परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही, नेपाल के प्रधानमंत्री के दल में वहां के पर्यटन मंत्री भी शामिल रहेंगे। इसे देखते हुए उत्तराखंड सरकार दोनों देशों के बीच धार्मिक एवं तराई पर्यटन (सर्किट) को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर भी विमर्श करेगी। इसमें मां पूर्णागिरि और नेपाल स्थित सिद्धबाबा मंदिर के धार्मिक जुड़ाव के साथ-साथ जिम कॉर्बेट और नेपाल के चितवन नेशनल पार्क के बीच पर्यटन साझेदारी की संभावनाओं पर बल दिया जाएगा। इस दौरे से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने पारस्परिक व सांस्कृतिक संबंधों को एक नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
