अग्निशमन अधिकारी 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, होटल की NOC के लिए मांगी थी घूस
अग्निशमन अधिकारी 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, होटल की NOC के लिए मांगी थी घूस
कोटद्वार। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (लीडिंग फायरमैन) भूपेश त्यागी को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल) स्थित एक होटल के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने लैंसडाउन स्थित होटल के लिए अग्निशमन विभाग से एनओसी मांगी थी। इसके बदले प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने 20,000 रुपये की घूस की मांग की थी। शिकायतकर्ता द्वारा इसकी सूचना विजिलेंस को दी गई, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच कराई।
गोपनीय जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस की ट्रैप टीम का गठन किया गया। ट्रैप टीम ने सुनियोजित रणनीति के तहत आरोपी भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से 6,000 रुपये (किश्त के रूप में) रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
