उत्तराखण्ड पुलिस की नई पहचान: सीएम धामी ने नए ध्वज, इंसिग्निया व वर्दी का किया अनावरण
उत्तराखण्ड पुलिस की नई पहचान: सीएम धामी ने नए ध्वज, इंसिग्निया व वर्दी का किया अनावरण
‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ बना उत्तराखण्ड पुलिस का नया ध्येय वाक्य, ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का भी हुआ शुभारंभ
विशेष संवाददाता देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मुख्य शासकीय आवास पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट एवं सेरेमोनियल वर्दी का औपचारिक अनावरण किया। इस अवसर पर पुलिस बल के नए ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ को जारी किया गया, जो कर्तव्य, सत्यनिष्ठा और साहस के मूल्यों को समर्पित है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का भी विधिवत शुभारंभ किया और उपस्थित सभी अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस सेवा (UPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुईं श्रीमती शाहजहां जावेद खान एवं श्री जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकरण कर उनके नए पद की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस की यह नई पहचान केवल प्रतीकों और वर्दी के बदलाव तक सीमित नहीं है। यह पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को नई ऊर्जा एवं दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने आगे कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार उत्तराखण्ड पुलिस को अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पुलिस बल को अधिक दक्ष, सक्षम और जवाबदेह बनाना राज्य सरकार की सर्वोपरि प्राथमिकता है।”
नया ध्येय वाक्य: ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’
समारोह का मुख्य आकर्षण: नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण।
विशेष अभियान: ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आगाज
पदोन्नति सम्मान: IPS अधिकारी शाहजहां जावेद खान व जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न प्रदान कर दी गई बधाई।
