हेलीकॉप्टर हादसा: चमोली के चाईं गांव की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश, सवार सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक, दिए विस्तृत जांच के आदेश
हेलीकॉप्टर हादसा: चमोली के चाईं गांव की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश, सवार सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत
मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक, दिए विस्तृत जांच के आदेश
जोशीमठ / बदरीनाथ (विशेष संवाददाता): उत्तराखंड के चमोली जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ तहसील अंतर्गत चाईं गांव की ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बदरीनाथ से दोपहर 1:12 बजे भरी थी उड़ान प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन के इस हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से दोपहर लगभग 1:12 बजे देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद चाईं गांव के ऊपरी पहाड़ी इलाके में यह अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
राहत और बचाव में जुटीं बहुआयामी टीमें घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, भारतीय सेना, उत्तराखंड पुलिस, आईटीबीपी (ITBP), एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की बचाव टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हुईं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी के अनुसार, 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड (भारतीय सेना) के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह व्यक्तियों की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी है। राहत और बचाव दल द्वारा आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और शवों को रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, दिए जांच के कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली में हुए इस भीषण हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़े सभी तकनीकी व मौसम संबंधी पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने चमोली जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और आवश्यक राहत व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित की जाएं।
