गैरसैंण को ₹231.91 करोड़ की सौगात: सीएम धामी ने रामगंगा बांध समेत 12 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
गैरसैंण को ₹231.91 करोड़ की सौगात: सीएम धामी ने रामगंगा बांध समेत 12 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
विशेष संवाददाता गैरसैंण (भराड़ीसैंण)।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में ₹231.91 करोड़ लागत की 12 प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पेयजल, सड़क कनेक्टिविटी, सुरक्षा और शिक्षा क्षेत्र को नया विस्तार मिलेगा।
6 नई योजनाओं का शिलान्यास (लागत ₹197.87 करोड़)
मुख्यमंत्री ने ₹197.87 करोड़ की 6 बड़ी योजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें प्रमुख परियोजनाएं निम्नलिखित हैं:
रामगंगा नदी बांध निर्माण: गैरसैंण नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने हेतु ₹122.69 करोड़ की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण।
भू-धंसाव सुरक्षा कार्य: कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर क्षेत्र में भू-धंसाव नियंत्रण एवं सुरक्षा कार्यों के लिए ₹50.18 करोड़।
तकनीकी शिक्षा व संपर्क मार्ग: राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण भवन निर्माण (₹12.16 करोड़), कुमोली-रैवान से फरखण्डे मोटर मार्ग कार्य (₹6.99 करोड़) एवं गैरसैंण-पज्याणा से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग (₹5.60 करोड़)।
6 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण (लागत ₹34.04 करोड़)
क्षेत्रीय जनता को समर्पित ₹34.04 करोड़ की प्रमुख योजनाएं:
सड़क एवं यातायात: खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण (₹14.82 करोड़), सारकोट-भराड़ीसैंण मार्ग का डामरीकरण (₹4.03 करोड़) तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह मार्ग का नवीनीकरण (₹2.17 करोड़)।
सुरक्षा एवं शिक्षा: राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में नवनिर्मित ऑडिटोरियम भवन (₹4.37 करोड़), गैरसैंण फायर यूनिट भवन (₹4.37 करोड़) एवं गैरसैंण पुलिस थाना भवन (₹4.24 करोड़)।
“विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा गैरसैंण”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार गैरसैंण और चमोली जनपद को बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। रामगंगा बांध परियोजना से आने वाले दशकों तक क्षेत्र में पेयजल संकट दूर होगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भरत सिंह चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जनप्रतिनिधि एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
