Almora News:नाबालिगों को नशा बेचने वालों पर सख्ती सराहनीय, जमाखोरी पर भी हो कार्रवाई : राजीव गुरूरानी

0
ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा, 09 मई।
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरूरानी ने विगत दिवस जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा सड़क पर उतरकर नाबालिगों को नशे का सामान बेचने वालों के विरुद्ध की गई कठोर कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने तथा नाबालिगों को नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाना समाजहित में सराहनीय पहल है।
गुरूरानी ने फुटकर दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार के नशे और तंबाकू उत्पाद न बेचें। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन और व्यापारियों दोनों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि तंबाकू उत्पादों पर बजट में सेस लगाए जाने के बाद थोक व्यापारियों द्वारा मूल्य परिवर्तन की आड़ में जमाखोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे रोकने में प्रशासन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाया है। इसके चलते बाजार में मूल्यों को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई थोक व्यापारी निर्धारित मूल्यों से अधिक कीमत पर फुटकर व्यापारियों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध करा रहे हैं तथा बिना बिल के सामान दिया जा रहा है। गुरूरानी ने मांग की कि जिला पूर्ति अधिकारी थोक स्तर पर तंबाकू उत्पादों के मूल्य सार्वजनिक रूप से निर्धारित करें, ताकि फुटकर व्यापारियों का शोषण रोका जा सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मूल्य निर्धारण और जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो किसी भी फुटकर व्यापारी पर की जाने वाली प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
गुरूरानी ने कहा कि जिस प्रकार विकास की प्रथम इकाई मजदूर होता है, उसी प्रकार आर्थिक व्यवस्था की प्रथम इकाई फुटकर व्यापारी हैं, जो बहुत कम लाभ लेकर बाजार व्यवस्था को चलाने का कार्य करते हैं। लेकिन वर्तमान में कुछ थोक व्यापारी जमाखोरी कर फुटकर व्यापारियों को ऊंचे दामों पर सामान देकर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *