Uttrakhand News:ऋषिकेश: गाड़ी के अंदर अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, वाहन स्वामी और चालक पर मुकदमा दर्ज

0
ख़बर शेयर करें -

लोकेशन-ऋषिकेश 

बनखण्डी क्षेत्र में वाहन के भीतर अवैध रिफिलिंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई ।गैस एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध ऋषिकेश थाने में मुकदमा दर्ज।

तीर्थनगरी में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग ने बनखण्डी क्षेत्र में वाहन के भीतर अवैध रिफिलिंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में संबंधित गैस एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध ऋषिकेश थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बता दे कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें गैस सप्लाई वाहन के अंदर एक कर्मचारी को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए दिखाया गया। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की जांच में सामने आया कि उक्त वाहन ऋषिकेश स्थित मैसर्स अंकुर गैस एजेंसी प्रगति विहार का है। उन्होंने एजेंसी का औचक निरीक्षण करने पर कई अनियमितताएं भी देखी। एजेंसी के पास वाहन चालक योगेन्द्र कुमार और उसके सहयोगी आशीष से संबंधित कोई भी आधिकारिक नियुक्ति पत्र या सत्यापन दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। केवल चालक का आधार कार्ड मिला। एजेंसी प्रबंधन ने दावा किया कि उन्होंने दोनों को काम से हटा दिया है, लेकिन रिकॉर्ड से पता चला कि घटना के बाद भी उन्हें डिलीवरी के लिए सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। इस लापरवाही के कारण एजेंसी की मिलीभगत की आशंका जताई गई है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया कि अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *