Uttrakhand News:उत्तराखण्ड में यहाँ दर्दनाक हादसा 4 साल की मासूम को गुलदार ने बनाया निवाला

0
ख़बर शेयर करें -

जनपद पौड़ी गढ़वाल के तहसील चौबट्टाखाल अंतर्गत कुंजखाल क्षेत्र के ग्राम सभा गाडरी के भतकोट गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गुलदार ने 4 वर्षीय मासूम बालिका को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे दृष्टि नाम की 4 वर्षीय बालिका अपने पिता हरेंद्र सिंह, माता सविता देवी और 11 वर्षीय बड़ी बहन दीपांशी के साथ घर के किचन में बैठी थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर किचन की देहली पर बैठी दृष्टि को उठा लिया और जंगल की ओर भाग गया। परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग तुरंत बच्ची की तलाश में जंगल की ओर दौड़े। काफी खोजबीन के बाद मासूम का शव गांव से लगभग ढाई किलोमीटर दूर एक गधेरे में मिला, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और राजस्व विभाग को दी गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार को आदमखोर घोषित कर मार नहीं दिया जाता, वे आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं सूरी कंडारी ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार सक्रिय है और खासतौर पर बच्चों और महिलाओं को निशाना बना रहा है, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के साथ विशेष टीम का गठन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना स्थल के आसपास शांति बनाए रखें, क्योंकि गुलदार अपने शिकार के पास दोबारा लौट सकता है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ के ग्रामीण इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *