Almora News:भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के खिलाड़ियों ने उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में लहराया परचम
भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने ‘भाकृअनुप उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान को गौरवान्वित किया है। इस चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 09 से 12 मार्च 2026 के दौरान भाकृअनुप-केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान, हिसार (हरियाणा) में किया गया, जिसमें विभिन्न संस्थानों की कुल 22 टीमों के लगभग 850 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान पूरी टीम का कुशल समन्वय एवं मार्गदर्शन डॉ. जे.पी. आदित्य एवं डॉ. आर.पी. मीणा द्वारा किया गया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में संस्थान के प्रतिभागियों ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं, जिनमें डॉ. संथिया एस ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक और शॉट पुट में कांस्य पदक प्राप्त किया। डॉ. प्रकाश चन्द घासल ने डिस्कस थ्रो में रजत पदक तथा शॉट पुट में कांस्य पदक जीता। इसके अतिरिक्त, कुमारी आकांक्षा ने जेवलिन थ्रो में रजत पदक और श्री दीपक कुमार ने जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम स्पर्धाओं में भी संस्थान का प्रदर्शन सराहनीय रहा। संस्थान की टीम वॉलीबॉल में सेमीफाइनल तथा बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस में क्वार्टर फाइनल तक पहुँचने में सफल रही।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में संस्थान की इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने विजेता खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने रेखांकित किया कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और उन्होंने भविष्य में प्रक्षेत्र में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
