Uttrakhand News :जम्मू के पुंछ में गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मृतक जवान मनीष का शव आज पहुंचेगा रानीखेत
जम्मू के पुंछ में गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मृतक जवान मनीष का शव आज रानीखेत पहुंचेगा। वहीं, जवान बेटे की मौत के बाद मां का रो रोकर बुरा हाल है। गांव से पहुंचे परिजन और आसपास के लोग दिन भर मां को ढांढस बंधाते रहे और मां कभी बेसुध हो रही थी तो कभी बेटे को याद कर रही थी।
मूल रूप से द्वाराहाट विकासखंड के कफड़ा गांव निवासी स्व. पूरन सिंह बिष्ट के पुत्र मनीष बिष्ट (24 वर्ष) 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी रेजिमेंट जम्मू के पुंछ में तैनात है। शनिवार को उनके संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत होने की सूचना मिली। इससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मनीष की माता हेमा बिष्ट यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर लगने के बाद से ही माता का रो रोकर बुरा हाल है। वह बार बार बेटे को पुकार रही हैं। बड़ा बेटा दीपक और बेटी उन्हें जैसे तैसे दिलासा देते रहे हैं। रविवार को दिन भर पड़ोसी और परिजन वहां सांत्वना देने पहुंचते रहे। लोग गमगीन परिवार को समझा रहे थे। इधर मृतक जवान का शव सोमवार की सुबह यहां पहुंचने की उम्मीद है। मृतक के भाई दीपक बिष्ट ने बताया कि सेना की तरफ से उन्हें सूचना मिली है कि सुबह शव लेकर वह लोग खनिया पहुंचेंगे।