उत्तराखंड के इन इलाकों में बिगड़ा मौसम, यहां गिरी बर्फ देहरादून में रात से बारिश ,फिर लौटी ठंड

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच मैदानों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि दुश्वारी बढ़ा रही है। पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी से ठिठुरन लौट आई है।

बदरी- केदारनाथ धाम सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

वहीं शनिवार तड़के से ही देहरादून सहित राज्‍य के अधिकतर इलाकों में बारिश जारी रही। केदारनाथ, बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

विकासनगर में भी लगातार बारिश जारी है। बारिश के चलते मौसम ठंडा होने पर फिर से गर्म कपड़े निकल गए। बारिश होने से किसान और बागवानों के चेहरे खिले नजर आए।

मसूरी में देर रात ढाई बजे बारिश शुरू हुई। रुड़की में भी शुक्रवार रात से बारिश जारी है। पौड़ी, कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। बारिश के कारण तापमान गिरा है। वहीं बारिश से आम और लीची की फसल को नुकसान पहुंचा है। रुद्रप्रयाग जिले में घने बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना बन रही है।

शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने ली करवट

शुक्रवार दोपहर से देहरादून में बादलों ने डेरा डाला और शाम को अंधड़ चलने लगी। देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई और रातभर झमाझम वर्षा दर्ज की गई। शनिवार की सुबह भी बारिश जारी रही। दून के बाहरी क्षेत्रों और मसूरी के आसपास कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। दून में रात को हुई झमाझम वर्षा से तापमान ने गोता लगाया और ठिठुरन महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार दून में रात साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक एक घंटे के भीतर 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में देवीधुरा, जखोली, नैनीताल, धनोल्टी, चकराता, भीमताल, मुक्तेश्वर ज्योलीकोट आदि स्थानों पर सर्वाधिक वर्षा हुई। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बौछारें पड़ीं।

पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा व चोटियों पर हिमपात के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा व चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। निचले इलाकों में अंधड़े और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

केदारनाथ में हिमपात

शुक्रवार को चमोली और उत्तरकाशी में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। जबकि, केदारनाथ में शाम को हल्का हिमपात हुआ। नैनीताल समेत कुमाऊं के कुछ इलाकों में भी जोरदार ओलावृष्टि हुई। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। जबकि, शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और मैदानों में अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

रिपोर्टर – रोशनी बिष्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *