Nainital News:ठंड से बचने के लिए जलाई अंगीठी, दम घुटने से दो मजदूरों की मौत, एक अस्पताल में भर्ती

यहां एक दर्दनाक हादसा हुआ है। ठंड भगाने को घर के अंदर अंगीठी जलाकर सो रहे दो लोगों की गैस लगने से मौत हो गई। जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।यह पूरा मामला नैनीताल जिले के मल्लीताल क्षेत्र में सामने आया है। 

🔹जाने मामला 

जानकारी के अनुसार, रविवार रात मल्लीताल क्षेत्र में यूपी के बदायूं के तीन मजदूर अंगीठी जलाकर कमरे में सो रहे थे। इस दौरान बंद कमरे में गैस लगने से तीनों की हालत बिगड़ गई। मजदूरों के परिजनों ने उन्हें संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

जब सोमवार शाम तक भी मजदूरों ने फोन नहीं उठाया तो परिजनों ने ठेकेदार को फोन किया। जिसके बाद रात को ठेकेदार हल्द्वानी से नैनीताल पहुंचा। देर रात लगभग एक बजे ठेकेदार मजदूरों के कमरे में पंहुचा तो कमरा अंदर से बंद था।

यह भी पढ़ें 👉  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और पति साहू विवाद: सीएम धामी सख्त, बोले- 'दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई'

आवाज देने के बाद भी जब मजदूरों ने कोई जवाब नहीं दिया तो दरवाजा तोड़ा गया। जहां तीनों मजदूर मूर्छित अवस्था में पड़े थे। जिसके बाद ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों मजदूरों को बीडी पांडे अस्पताल ले गई। 

यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम और नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, पुलिस के शानदार ट्रैफिक प्लान से जाम से मिली राहत

जहां डॉक्टरों ने बदायूं निवासी राजकुमार ( 21) व अवनेश (24) दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं साहजहांपुर निवासी मोनन्दर (21) की हालत गंभीर होने पर उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रैफर कर दिया है।

डॉ. हाशिम अंसारी ने बताया कि अंगीठी की गैस लगने से दो मजदूरों की मौत हुई है। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि शवों को मोर्चरी में रख मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Advertisement