अल्मोड़ा में बंदरों के आतंक से लोगों में दहशत,किसान हुये परेशान

अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। बंदर जहां खेती की नुकसान पहुंचा रहे हैं वहीं राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। ऐसे में लोगों में दहशत है तो किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
एक माह में सात लोग हुए घायल
नगर के खत्याड़ी, दुगालखोला, रानीधारा, पूर्वी पोखरखाली, पश्चिमी पोखरखाली, ढूंगाधारा, सरकार की आली, नृसिंहबाड़ी आदि इलाकों में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। बंदर लोगों के घरों में घुसने के साथ ही राह चलते लोगों के हाथों से सामान छीनते हुए उन पर हमला भी कर रहे हैं। बीते एक माह में बंदरों के हमले से घायल सात से अधिक लोग जिला अस्पताल में इलाज करा चुके हैं।
फसल को कर रहे नुकसान
स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी बंदर हमला कर रहे हैं जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बंदर फसल, सब्जियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत बर्बाद हो रही है। ईओ नगर पालिका भरत त्रिपाठी ने कहा कि बंदरों का बधियाकरण कर उन्हें जंगलों में छोड़ने की योजना है। जल्द इस संबंध में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।