Health Tips: हीमोग्लोबिन बढ़ाने के साथ पेट, आंखों और त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है ये जूस , खाली पेट करें सेवन

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से पौष्टिक चीजों का सेवन करते रहना चाहिए। विशेषरूप से सुबह का पहला आहार सबसे पौष्टिक होना चाहिए। सुबह के समय शरीर का मेटाबॉलिज्म दर सबसे अच्छा होता है, ऐसे में इस समय मौसमी फलों-सब्जियों के सेवन की सलाह दी जाती है। सुबह के नाश्ते में फलों-सब्जियों के जूस का सेवन करके शरीर को कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं। 

आहार विशेषज्ञ बताते हैं, इस मौसम में चुकंदर और गाजर के जूस का सेवन करना बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद तमाम प्रकार के पोषक तत्व हीमोग्लोबिन बढ़ाने के साथ पेट, आंखों और त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद हो सकते हैं। 

 

गाजर चुकंदर के जूस में उच्च मात्रा में आवश्यक बायोएक्टिव यौगिक पाए जाते हैं, जो इसे आपके दिन की शुरुआत करने के लिए एक उत्कृष्ट पेय बनाता है। इस जूस में एंथोसायनिन, कैरोटीनॉयड, विटामिन-सी, एंटीऑक्सिडेंट, बीटानिन और फिनोल जैसे बायोएक्टिव तत्व होते हैं, इनकी शरीर को बेहतर ढंग से काम करते रहने के लिए विशेष आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि नियमित रूप से इस पेय के सेवन से किस प्रकार के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं? 

 

पाचन स्वास्थ्य को मिलता है विशेष लाभ 

 

चुकंदर और गाजर के जूस को मेटाबॉलिक सिस्टम के लिए काफी लाभकारी माना जाता है, यह पेट की दिक्कतों को कम करने के साथ पाचन को बढ़ाने और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है। इन सब्जियों में मौजूद फाइटो-न्यूट्रिएंट्स और फाइबर की मात्रा आंतों के लिए विशेष लाभकारी मानी जाती है। इस जूस से शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर पोषक तत्वों की आसानी से प्राप्ति की जा सकती है। 

 

आंखों की दूर होती हैं बीमारियां 

 

चुकंदर और गाजर के जूस का सेवन करना आपकी आंखों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। गाजर में मौजूद विटामिन-ए आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने के साथ रोशनी को तेज करने और आंखों की बीमारियों के जोखिम को कम करने में मददगार है। आमतौर पर स्क्रीन के लंबे समय तक संपर्क के कारण लोगों में ड्राई आइज की समस्या काफी बढ़ती जा रही है, ऐसे में इस जूस का सेवन आपके लिए लाभकारी हो सकता है। 

 

शरीर से दूर होती है विषाक्तता 

 

चुकंदर और गाजर के जूस का सेवन शरीर के डिटॉक्सिनेशन के लिए प्रभावी माना जाता है। शरीर से अवशिष्ट उत्पादों को बाहर करने के साथ खून की मात्रा को बढ़ाने के लिए भी इस पेय से लाभ पाया जा सकता है। जिन लोगों को हीमोग्लोबिन की कमी की समस्या होती है, उनके लिए भी इस जूस को विशेषज्ञ काफी फायदेमंद मानते हैं। चुंकदर से भरपूर मात्रा में आयरन और विटामिन-बी प्राप्त किया जा सकता है। 

 

चुकंदर-गाजर जूस के अन्य फायदे 

 

चुकंदर-गाजर के जूस के नियमित सेवन की आदत शरीर के लिए अन्य कई प्रकार से भी लाभकारी हो सकती है।

गाजर चुकंदर के जूस में एंटीऑक्सिडेंट और फाइटोकेमिकल्स होते हैं जो रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने में मदद करते हैं।

गाजर चुकंदर के जूस में कैंसर रोधी प्रभाव वाले पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। ये कैंसर कोशिकाओं के विकास को कम करने में सहायक हैं।

चुकंदर-गाजर का रस त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-सी होता है जो त्वचा की रंगत में सुधार करने में सहायक है।

बालों की समस्याओं को दूर करने के लिए रोजाना इस जूस को पीने के फायदे हो सकते हैं। इसमें महत्वपूर्ण विटामिन्स भी होते हैं जो बालों के विकास के लिए उपयोगी हो सकते हैं।