अल्मोड़ा:नंदादेवी मेले के दौरान दो पहिया वाहन रोकने पर भड़के लोग, किया जमकर हंगामा

कल शनिवार को फिर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने पर लोग भड़क गए और उन्होंने जमकर हंगामा किया। इस बीच पुलिस और लोगों के बीच खासी बहस हुई, इससे जाम लग गया और लोग परेशान हो गए।लोगों ने दो पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का विरोध करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
🔹एसएसपी के छूट देने के बाद भी रोका गया
नंदा देवी महोत्सव के दौरान पुलिस ने शिखर तिराहे से एलआर साह मार्ग पर शाम चार से रात 10 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। लोगों की मांग के बाद एसएसपी ने मार्ग पर दो पहिया वाहनों को आवागमन की छूट दे दी थी। इसी बीच शनिवार को देर शाम पुलिस ने इस मार्ग पर दो पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी और तिराहे पर चालकों को रोक दिया गया।
🔹आखिर पुलिस ने दो पहिया वाहनों के संचालन की अनुमति दी
ऐसे में अचानक लिए गए इस निर्णय पर लोग भड़क गए और पुलिस कर्मियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। लोगों की भीड़ जुटने से शिखर तिराहे के पास जाम लग गया और कई वाहन फंस गए। माल रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
एक घंटे तक पुलिस और लोगों में बहस होती रही। आखिर पुलिस ने दो पहिया वाहनों के संचालन की अनुमति दी, इसके बाद जाम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली।
🔹पूर्ण रूप से आवाजाही प्रतिबंधित नहीं
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव में भीड़ अधिक होने से लोगों की सुरक्षा को देखते हुए दो पहिया वाहनों की आवाजाही रोकी गई। पूर्ण रूप से आवाजाही प्रतिबंधित नहीं की गई।