Almora News:मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से आत्मनिर्भर बनी रानीखेत की तोषिता पंवार

जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत निवासी तोषिता पंवार की कहानी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के सफल क्रियान्वयन और युवाओं के आत्मनिर्भर बनने का सशक्त उदाहरण है। प्रोफेशनल ब्यूटी एंड मेकअप का कोर्स पूर्ण करने के बाद तोषिता पंवार स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहती थी। इसी क्रम में उन्हें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी प्राप्त हुई, जिसने उनके सपनों को नई दिशा दी।
प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम सिंह तोमर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत जिला उद्योग केन्द्र द्वारा उन्हें पूरी प्रक्रिया में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संकलन में भी सहयोग किया गया। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात तोषिता पंवार को रूपये 03 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ, ऋण प्राप्त होने के बाद उनके द्वारा गांधी चौक, रानीखेत में आकर्षक Glam Studio By Toshita शुरू किया गया जिसमें उनके द्वारा ब्राइडल मेकअप, हेयरस्टाइलिंग, और स्क्नि ट्रीटमेंट जैसी सेवाएं शुरू की गयी। आज उनका व्यवसाय न केवल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, बल्कि इसके माध्यम से उन्होंने दो अन्य स्थानीय लड़कियों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। वर्तमान में वे अपने व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 40 हजार से 50 हजार रुपये तक का लाभ अर्जित कर रहीं हैं।
तोषिता पंवार का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है और वे गर्व के साथ अपना व्यवसाय संचालित कर रहीं हैं। उनकी सफलता आज अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहते हैं।
यह सफलता की कहानी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सही मार्गदर्शन और इच्छाशक्ति के साथ युवाओं को रोजगार प्रदाता बनने का अवसर प्रदान कर रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  शारदीय नवरात्रि: अल्मोड़ा के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गूंजे मां के जयकारे अल्मोड़ा: देवभूमि उत्तराखंड में शक्ति की उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हो गया है। पर्व के पहले दिन से ही अल्मोड़ा के ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुबह से ही नगर के प्रसिद्ध नंदा देवी मंदिर समेत विभिन्न देवीलयों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर में उमड़े भक्त उत्तराखंड की लोक आराध्य और कुमाऊँ-गढ़वाल की मुख्य संरक्षक देवी मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए अल्मोड़ा शहर के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर मां के चरणों में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी तारा दत्त जोशी ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन से ही भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर मां की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भक्तिमय माहौल और व्रत-अनुष्ठान मान्यता है कि उत्तराखंड में मां नंदा को मां पार्वती के स्वरूप के रूप में पूजा जाता है। नवरात्रि के इन पवित्र दिनों में श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा और भगवती नंदा की आराधना कर रहे हैं। घरों और मंदिरों में घटस्थापना के साथ विशेष अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। वहीं, जगह-जगह दुर्गा पंडालों में माता की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण है। परंपरा के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाले इन अनुष्ठानों का समापन नवमी के दिन कन्या पूजन और विशाल भंडारे के साथ होगा।

जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।