अल्मोड़ा जिला संघचालक एवं वरिष्ठ व्यापारी किशन गुरुरानी का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस
अल्मोड़ा जिला संघचालक एवं वरिष्ठ व्यापारी किशन गुरुरानी का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अल्मोड़ा जिला संघचालक और अल्मोड़ा व्यापार मंडल के संरक्षक किशन गुरुरानी का दिल्ली स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से संघ परिवार, व्यापारिक जगत, सामाजिक संगठनों तथा पूरे नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
दिवंगत किशन गुरुरानी क्षेत्र में अपनी समाजसेवा, सहजता और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। समाज के हर वर्ग के जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे और समस्या का समाधान निकालने का भरसक प्रयास करते थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय से जुड़े रहकर उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। जिला संघचालक के रूप में उन्होंने संगठनात्मक कार्यों और राष्ट्रहित से जुड़ी गतिविधियों को गति दी। इसके साथ ही अल्मोड़ा व्यापार मंडल के संरक्षक के तौर पर भी वे व्यापारियों के हितों और नगर के ज्वलंत मुद्दों को उठाने में सदैव अग्रणी रहे।
उनके निधन पर संघ के स्वयंसेवकों, व्यापारिक प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने इसे संघ, व्यापार मंडल और संपूर्ण अल्मोड़ा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
शोक संतप्त जनों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।