इटोला में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को मृदा स्वास्थ्य और संतुलित उर्वरक के प्रति किया जागरूक

इटोला में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को मृदा स्वास्थ्य और संतुलित उर्वरक के प्रति किया जागरूक

 

 

अल्मोड़ा,। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के निर्देशन में संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को हवालबाग विकासखंड के इटोला गाँव में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. प्रताप ए. दिवेकर और श्री कैलाश टम्टा ने किया। आयोजन में 10 पुरुष व 12 महिला किसानों सहित कुल 22 कृषक और स्कूली बच्चे शामिल हुए।

 

 

 

यह भी पढ़ें 👉  जागेश्वर विधानसभा से भाजपा टिकट के लिए दीपक पाण्डेय ने पेश की दावेदारी

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रताप ए. दिवेकर ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए मृदा स्वास्थ्य बचाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक डालने और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उनके अनुसार मृदा परीक्षण की संस्तुतियों के अनुरूप उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग से पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ती है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और रासायनिक उर्वरकों का अनावश्यक उपयोग घटता है।

 

 

 

किसानों के साथ संवाद में श्री कैलाश टम्टा ने पर्वतीय क्षेत्रों की खेती से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की। किसानों ने सिंचाई के लिए पर्याप्त जल की कमी, मिट्टी जांच को लेकर सीमित जागरूकता, बंदरों व जंगली भालुओं जैसे वन्य जीवों से फसलों को होने वाले नुकसान, पलायन तथा कृषि आदानों व तकनीकी जानकारी की समय पर अनुपलब्धता जैसी दिक्कतें बताईं।

यह भी पढ़ें 👉  पर्वतीय कृषि और शोध को मिलेगी नई उड़ान: वीपीकेएएस अल्मोड़ा और भरसार विवि के बीच हुआ पाँच वर्षीय समझौता

 

 

 

समस्याओं के समाधान के लिए किसानों ने खेतों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम, बेहतर फसल सुरक्षा उपाय, कृषि आदानों की समय पर आपूर्ति तथा हल्के व आसानी से चलने वाले कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। आयोजन का उद्देश्य मृदा उर्वरता कायम रखते हुए कृषि उत्पादकता बढ़ाना और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना था।

Advertisement