आठ साल तक सड़क का इंतजार करते रहे ग्रामीण, अब खुद ही गैती-फावड़े लेकर निर्माण में जुटे

आठ साल तक सड़क का इंतजार करते रहे ग्रामीण, अब खुद ही गैती-फावड़े लेकर निर्माण में जुटे

 

 

  • कर्णप्रयाग के मोली-रोइंठा गांव में ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में महिला-युवक मंगल दलों ने शुरू किया श्रमदान
  • दो दिन पहले रास्ते में ही गर्भवती महिला के प्रसव की घटना के बाद भड़का आक्रोश, 3.2 किमी सड़क बनाने का उठाया बीड़ा

 

 

 

चमोली/कर्णप्रयाग। जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत मोली-रोइंठा गांव में सड़क सुविधा की मांग लंबे समय से अनसुनी होने के बाद ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। आठ वर्षों तक शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण की गुहार लगाने के बावजूद समाधान न निकलने पर ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और ग्रामीणों ने एकजुट होकर यह कदम उठाया।

 

 

 

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ गैती और फावड़े लेकर मौके पर पहुंचे और करीब 3 किलोमीटर 200 मीटर लंबी सड़क काटने का काम शुरू किया। इस दौरान गांव की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया और सड़क के अभाव में झेली जा रही परेशानियों को लेकर नाराजगी जताई।

 

 

 

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क न होने की पीड़ा उस समय और अधिक बढ़ गई जब दो दिन पहले एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। इस घटना ने गांव में सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने इंतजार छोड़ खुद ही निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया।

 

 

  • स्थान: मोली-रोइंठा गांव, विकासखंड कर्णप्रयाग, जनपद चमोली।
  • प्रस्तावित कार्य: करीब 3.2 किलोमीटर सड़क का श्रमदान से निर्माण।
  • नेतृत्व: ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल व ग्रामीण।
Advertisement