उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय वृद्धि पर बड़ा फैसला
उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय वृद्धि पर बड़ा फैसला
- सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की राजकीय सेवा अनिवार्य, बनेगा सामाजिक सुरक्षा कोष
- राज्य में कार्य करने वाली एजेंसियों की सूची से बाहर हुआ एनएचआईडीसीएल, सेतु आयोग के ढांचे को भी स्वीकृति
देहरादून। सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में जनहित, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुधार और बुनियादी ढांचे से जुड़े कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए तय किया है कि अब प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों से स्नातकोत्तर (पीजी) करने वाले चिकित्सकों के साथ दो वर्ष का बॉन्ड भरा जाएगा। इसके तहत उन्हें अनिवार्य रूप से राज्य में राजकीय सेवा देनी होगी। इसके साथ ही चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली को भी हरी झंडी दे दी गई है। वहीं, कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआईसी) के तहत अब डी-फार्मा के साथ-साथ बी-फार्मा डिग्रीधारकों को भी सम्मिलित करने का निर्णय लिया गया है।
सामाजिक और कल्याणकारी योजनाओं के मोर्चे पर कैबिनेट ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया है। इसके अलावा उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को विस्तार देते हुए प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन का रास्ता साफ कर दिया गया है। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक पद को भी स्वीकृति दी गई है।
प्रशासनिक और नीतिगत फैसलों के तहत उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग में ‘सेतु आयोग’ के ढांचे को मंजूरी दी गई है। राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बड़े बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जबकि आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को स्वीकृति मिली है। इसके अतिरिक्त विधानसभा सत्र के सत्रावसान के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने अनुमोदित कर दिया।
बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र से जुड़े निर्णयों में राज्य में कार्य करने वाली कार्यदायी संस्थाओं की सूचीबद्धता से एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) को हटा दिया गया है। वहीं, पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों के सुचारु संचालन के लिए सरकारी बैंक से गारंटी लेने के प्रस्ताव तथा उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजना के रखरखाव संबंधी प्रस्ताव को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।
कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले (बॉक्स के लिए)
- सेतु आयोग: राज्य नियोजन आयोग में सेतु आयोग के संगठनात्मक ढांचे को स्वीकृति।
- पेयजल एवं चीनी मिल: ग्रामीण पेयजल योजनाओं के रखरखाव और पेराई सत्र में चीनी मिलों को सरकारी बैंक गारंटी की मंजूरी।
- नए पद व आयोग: आबकारी विभाग में 11 नए पद स्वीकृत तथा सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक पद मंजूर।
- सत्रावसान: विधानसभा सत्र के सत्रावसान के प्रस्ताव पर मुहर।
