नायब तहसीलदार पद पर चयनित 36 नवनियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं
नायब तहसीलदार पद पर चयनित 36 नवनियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं
देहरादून (संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार पद पर चयनित 36 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाने का ही परिणाम है कि आज युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। सरकार के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखते हुए सभी रिक्त पदों को भरना और युवाओं को “बिना पर्ची, बिना खर्ची” केवल योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
