उत्तराखंड में उद्योगपति से 7 करोड़ की कथित वसूली व संपत्ति हड़पने का आरोप, 6 पर केस दर्ज
उद्योगपति से 7 करोड़ की कथित वसूली व संपत्ति हड़पने का आरोप, 6 पर केस दर्ज
हल्द्वानी, संवाददाता। शहर के एक प्रतिष्ठित उद्योगपति ने एक महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की नकदी व संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित उद्योगपति की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उद्योगपति सुभाष चंद्र गुप्ता की वर्ष 2015 में ज्योति सिंह नामक महिला से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि महिला ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी और वर्ष 2022 से दोबारा ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उन्हें झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने मोहम्मद मुश्ताक और अन्य लोगों के साथ मिलकर करीब पांच करोड़ रुपये नकद व ऑनलाइन माध्यम से लिए, साथ ही लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति (शिकायत में चार प्लॉट व फ्लैट का जिक्र) के अलावा एक कार और स्कूटी भी हासिल कर ली।
एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि सुभाष चंद्र गुप्ता की तहरीर के आधार पर ब्लैकमेलिंग और रंगदारी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत में करोड़ों रुपये की नकदी, संपत्ति व वाहन लिए जाने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
