उत्तराखंड: चुनाव से पहले धामी सरकार का मास्टरस्ट्रोक, ‘बैणी-भुली योजना’ के तहत 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
उत्तराखंड: चुनाव से पहले धामी सरकार का मास्टरस्ट्रोक, ‘बैणी-भुली योजना’ के तहत 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
बाइट:-मुख्यमंत्री धामी
विशेष संवाददाता / देहरादून
उत्तराखंड की धामी सरकार ने आगामी चुनावों से पहले मातृशक्ति को साधने के लिए एक बड़ा राजनीतिक व सामाजिक मास्टरस्ट्रोक खेला है। देश के अन्य राज्यों की तर्ज पर अब उत्तराखंड में भी महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘बैणी-भुली योजना’ के तहत प्रदेश की लगभग साढ़े 5 लाख महिलाओं को प्रोत्साहन राशि देने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना की पहली किस्त इसी वर्ष दिसंबर माह में जारी कर दी जाएगी। हालांकि, प्रत्येक महिला के खाते में कितनी राशि भेजी जाएगी, इसको लेकर अभी औपचारिक घोषणा होना बाकी है।
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना का दायरा काफी व्यापक रखा गया है। इसके तहत राज्य की स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं, ‘लखपति दीदियों’ और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी सभी पात्र महिलाओं को शामिल किया जाएगा।
मातृशक्ति के सशक्तिकरण पर जोर
चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित एक मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने इस योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी गिनाया कि राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य भी बना है, जो महिलाओं के समान अधिकार और सुरक्षा को सुनिश्चित करता है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव से ठीक पहले शुरू की गई ‘बैणी-भुली योजना’ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिला मतदाताओं को लुभाने में एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
