गोवर्धन पर्व पर गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने लिया गौसंरक्षण का संकल्प

 

गोवर्धन पर्व पर गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने लिया गौसंरक्षण का संकल्प

 

 

 

 

अल्मोड़ा, 11 नवम्बर (विशेष संवाददाता): गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर गौ सेवा न्यास गुरुकुल शोले के तत्वावधान में गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गौसेवा तथा गोसंरक्षण का संकल्प दोहराया।

 

 

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संपन्न यज्ञ एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में पूर्णाहुति देकर विश्व कल्याण, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान गोसदन में संरक्षित गोवंश का पारंपरिक रूप से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गायों को फूलमालाएं पहनाईं, तिलक लगाया तथा गुड़-चारा व गौग्रास खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

यह भी पढ़ें 👉  भाकृअनुप–विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान: ग्राम ज्योली में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गोशाला संचालक दयाकृष्ण काण्डपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश की सेवा, संरक्षण और उनके उचित भरण-पोषण के लिए गौ सेवा न्यास निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि गोवंश की रक्षा केवल धार्मिक आस्था का ही विषय नहीं है, बल्कि यह हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने सामर्थ्य के अनुसार गौसेवा में सहयोग करें और निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए आगे आएं।

यह भी पढ़ें 👉  संस्कृत विद्यापीठम् के 6 छात्रों की हाईस्कूल अंकतालिकाएँ कार्यालय से गुम, पुलिस में मामला दर्ज

 

 

 

उन्होंने आगे कहा कि गोवर्धन पर्व हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान का संदेश देता है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और युवा पीढ़ी को अपनी प्राचीन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का सुअवसर मिलता है।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में चन्द्रमणि भट्ट, मनोज सनवाल, यशवन्त परिहार, रमेश तिवारी, पूरन चन्द्र तिवारी, मोहन सिंह रावत और हेम जोशी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गोसेवा के इस पुनीत अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Advertisement