राज्योत्सव में नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान’
राज्योत्सव में नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान’
गृह मंत्री अमित शाह और सीएम धामी ने ₹2-2 लाख की राशि व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
अजीत काम्बोज, देहरादून राजधानी में आयोजित भव्य राज्योत्सव समारोह में उत्तराखंड की संस्कृति और कला जगत के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा। समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और जाने-माने अभिनेता हेमंत पांडे को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
फिल्म नीति-2024 के तहत चयन उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 के लिए लोक संस्कृति के ध्वजवाहक नरेंद्र सिंह नेगी और वर्ष 2025 के लिए टीवी व बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडे का चयन किया गया था। दोनों विभूतियों को उत्तराखंडी सिनेमा, लोकसंगीत और कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। पुरस्कार स्वरूप दोनों कलाकारों को ₹2-2 लाख की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया।
कलाकारों ने जताया सरकार का आभार सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों कलाकारों ने प्रदेश सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है कि उत्तराखंड को कला और सिनेमा के क्षेत्र में भी नई पहचान मिल रही है। इस प्रकार के प्रोत्साहन से प्रदेश के युवा कलाकारों और लोक संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।
