मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ की सौगात, 67 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ की सौगात, 67 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
पिथौरागढ़, (विशेष संवाददाता):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ पहुंचकर जनपदवासियों को 284.07 करोड़ रुपये की लागत के 67 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 105.30 करोड़ रुपये के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये के 34 कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही, जिले के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक के चेक लाभार्थियों को वितरित किए गए।
‘मन की बात’ को बताया प्रेरणादायी
दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज में सकारात्मकता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ रहे रोजगार के अवसर
सीएम धामी ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के प्रति पर्यटकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है, जिससे इस वर्ष यात्रियों की संख्या एक लाख पार पहुँचने की संभावना है। इससे सीमांत क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत हो रही है और होमस्टे व पर्यटन के क्षेत्र में नए रोजगार पैदा हो रहे हैं। उन्होंने पिथौरागढ़ में 750 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज के संचालन शुरू होने का जिक्र करते हुए कहा कि अब स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।
नकल विरोधी कानून और कड़े फैसलों पर जोर
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी रोजगार देने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा राज्य में कठोर भू-कानून, समान नागरिक संहिता और दंगा विरोधी कानून लागू किए गए हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीमांत नेत्र चिकित्सालय पहुँचकर ‘ऑप्टिकल बायोमीटर’ का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री की 9 प्रमुख घोषणाएं:
नैनी सैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण।
कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण व हॉटमिक्स कार्य।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय बनाया जाएगा।
अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय मूनाकोट (रियांसी) की स्थापना की स्वीकृति।
अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य।
ज्याला मंदिर छाना पाण्डेय में सी.सी. मार्ग का निर्माण।
ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण।
चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण व चौड़ीकरण।
कार्यक्रम में विधायक फकीर राम टम्टा, बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
