27 अक्टूबर को श्रीनगर में जुटेगा गुरिल्लाओं का गढ़वाल मंडल सम्मेलन, आंदोलन की बनेगी नई रणनीति
27 अक्टूबर को श्रीनगर में जुटेगा गुरिल्लाओं का गढ़वाल मंडल सम्मेलन, आंदोलन की बनेगी नई रणनीति
अल्मोड़ा। SSB स्वयं सेवक कल्याण समिति के प्रांतीय एवं स्थानीय पदाधिकारियों ने विभागीय उपेक्षा और शासनादेशों के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर एक बार फिर आर-पार के आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
शुक्रवार को जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में एसएसबी स्वयं सेवक कल्याण समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी और जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला ने बताया कि आगामी 27 अक्टूबर को श्रीनगर गढ़वाल स्थित काली कमली धर्मशाला में गढ़वाल मंडल स्तरीय विशाल सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
शासनादेशों की अनदेखी पर रोष
पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों में गुरिल्लाओं के समायोजन की संभावनाएं तलाशने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, दो वर्ष बीत जाने के बाद भी संबंधित विभागों ने कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की और लगातार हीला-हवाली की जा रही है।
विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि विभाग नई संभावनाएं तलाशने के बजाय पूर्व में जारी शासनादेशों पर भी अमल नहीं कर रहे हैं, जिससे गुरिल्लाओं में गहरा असंतोष है।
आंदोलन की तिथि का होगा ऐलान
27 अक्टूबर को होने वाले सम्मेलन में वर्तमान परिस्थितियों और विभागीय रवैये पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद आंदोलन की अगली रणनीति और तिथि का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। सम्मेलन की समाप्ति पर उपजिलाधिकारी (SDM) श्रीनगर के कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर शासन को ज्ञापन भेजा जाएगा।
अधिक से अधिक उपस्थिति की अपील
केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी और जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला ने गढ़वाल मंडल के सभी एसएसबी गुरिल्लाओं से श्रीनगर में होने वाले सम्मेलन और प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है। साथ ही कुमाऊं मंडल के पदाधिकारियों से भी 27 अक्टूबर को श्रीनगर गढ़वाल पहुंचने का आह्वान किया गया है।
