उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ का आगाज, चितई गोलू मंदिर से भरी हुंकार

उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ का आगाज, चितई गोलू मंदिर से भरी हुंकार

 

 

अल्मोड़ा/संवाददाता
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एक्शन और ‘मिशन मोड’ में आ गई है। प्रदेश की सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कथित भ्रष्टाचार, कुरीतियों और जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को कुमाऊं के प्रसिद्ध आराध्य देव चितई गोलू मंदिर से अपनी प्रदेशव्यापी ‘न्याय यात्रा’ का औपचारिक शुभारंभ किया।

 

न्याय यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेशभर से कांग्रेस के कई दिग्गज और वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने गोलज्यू मंदिर प्रांगण में माथा टेककर न्याय की गुहार लगाई और इसके बाद प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए यात्रा की शुरुआत की।

 

 

भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ उठाई आवाज
कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गोलज्यू देवभूमि की आस्था के प्रतीक और न्याय के देवता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है और राज्य देश में भ्रष्टाचार के मामले में पहले पायदान पर खड़ा है। आर्य ने दावा किया कि प्रदेश की 7,000 बीघा से अधिक बहुमूल्य जमीन, जल, जंगल, नदियां और सरकारी संपत्तियां तक बेच दी गई हैं। इस अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस की यह न्याय यात्रा अनवरत जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चंपावत में 800 साल पुराने ऐतिहासिक राजबुंगा किले का होगा पुनरुद्धार, 4.91 करोड़ से संवरेगी चंद राजवंश की विरासत

 

 

 

धार्मिक स्थलों में अनियमतताओं का लगाया आरोप
उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि कुमाऊं में गोलज्यू को न्याय का सर्वोच्च मंच माना जाता है। आज प्रदेश के हालात ऐसे हो गए हैं कि केदारनाथ से सोना चोरी, बद्रीनाथ में चंदा चोरी और राम मंदिर से जुड़ी अनियमितताओं की बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल, जंगल, जमीन के साथ-साथ युवाओं के रोजगार और नौकरियों की भी बोली लगाई गई है। भाजपा ने देवताओं तक को नहीं बख्शा, इसलिए कांग्रेस अब न्याय के देवता के दरबार से जनता के बीच जा रही है और 2027 में जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मौसम का 'येलो अलर्ट': देहरादून, बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, बिजली चमकने और गर्जन का अनुमान

 

 

 

महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर घेरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण महरा ने कहा कि धामी सरकार और केंद्र सरकार ने राज्य की अस्मिता को चोट पहुंचाई है। उन्होंने चंपावत, सल्ट और संतरेसा में नाबालिग बच्चियों के साथ हुए अपराध और उत्पीड़न की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। विवादास्पद और आरोपित लोगों को प्रमोट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन तमाम अन्यायपूर्ण नीतियों के खिलाफ ही गोलज्यू देवता से न्याय की गुहार लगाई गई है और राज्य की जनता इस सरकार का पतन तय करेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Advertisement