अल्मोड़ा में 26 सितंबर को भारी वर्षा का अलर्ट: जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

0
ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा में 26 सितंबर को भारी वर्षा का अलर्ट: जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

 

 

अल्मोड़ा (विशेष प्रतिनिधि)। मौसम विभाग द्वारा 26 सितंबर को अल्मोड़ा जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के आधार पर जिला प्रशासन ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, जनपद में कुछ स्थानों पर तेज गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने और मूसलाधार बारिश की संभावना है।

 

 

 

भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा संभावित भारी बारिश के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड), चट्टानें गिरने, मुख्य एवं ग्रामीण मार्गों के अवरुद्ध होने तथा नदी-नालों और गधेरों में अचानक जलस्तर बढ़ने (फ़्लैश फ़्लड) की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर: ई-ऑडिट और पैक्स कंप्यूटरीकरण में तेजी लाने के डीएम ने दिए सख्त निर्देश

 

 

 

 

जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:

  1. यात्रा से बचें: नागरिक अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व मौसम और मार्ग की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।
  2. रात के सफर से परहेज: पहाड़ी मार्गों पर अनावश्यक यात्रा और विशेषकर रात के समय आवागमन न करें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों व कमजोर ढलानों के नीचे वाहन खड़े न करें।
  3. जल स्रोतों से दूरी बनाए रखें: नदियों, नालों और गधेरों के समीप जाने से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
  4. आकाशीय बिजली से बचाव: वर्षा के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। पक्के एवं सुरक्षित भवनों में ही शरण लें।
  5. सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं: सड़कों पर मलबा, पत्थर या पानी बहने की स्थिति में जबरन आगे बढ़ने का प्रयास न करें।
यह भी पढ़ें 👉  Almora News:मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की 12 सूत्री मांगों को लेकर बिट्टू कर्नाटक के माध्यम से कैबिनेट मंत्री को ज्ञापन

 

आपातकालीन स्थिति के लिए संपर्क नंबर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों व आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है। किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में सहायता हेतु जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा के निम्नलिखित नंबरों पर तत्काल संपर्क करने को कहा गया है:

  • दूरभाष नंबर: 05962-237874, 05962-237875
  • टोल फ्री नंबर: 1077
  • मोबाइल नंबर: 7900433294

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *