चमोली में लापता छात्र-छात्रा के शव मेला मंच पर लटके मिले, पुलिस जांच में जुटी
चमोली में लापता छात्र-छात्रा के शव मेला मंच पर लटके मिले, पुलिस जांच में जुटी
चमोली (उत्तराखंड): जिले के नंदानगर (घाट) विकासखंड क्षेत्र के रामणी गांव में 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र और छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों के शव गांव स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से फंदे पर लटके मिले हैं।
देर शाम से थे लापता मृतकों की पहचान सुनील (कक्षा 12) और रिया (कक्षा 11) के रूप में हुई है। दोनों के घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों सोमवार शाम से अचानक लापता हो गए थे। रातभर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से गांव और आसपास के जंगलों में उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
मंच की रेलिंग से मिले शव मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने मेला मैदान के मंच की रेलिंग से दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद तुरंत ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ताने मारने की बात आई सामने ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ में स्कूल आते-जाते थे। कुछ लोग उनकी दोस्ती को लेकर तंज भी कसा करते थे। हालांकि, मौत की असली वजह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य घटनाक्रम, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस का रुख मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर एंगल (हत्या व आत्महत्या दोनों) से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।