Almora News:भवाली-अल्मोड़ा एनएच और रातीघाट मार्ग पर मलबा आने से यातायात ठप, घंटेभर की मशक्कत के बाद खुला रास्ता
लगातार हो रही बारिश के चलते रविवार को भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग व रातीघाट-कफुल्टा मोटर मार्ग पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर यातायात सुचारू कराया जा सका।
भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के गरमपानी झूलापुल के पास शाम करीब चार बजे थुवा की पहाड़ी से अचानक भारी मलबा सड़क पर आ गया। इससे राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की कई किमी लंबी कतार लग गई। पीएमजेएसआई कि जेई नेहा अमरीन ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची जेसीबी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राजमार्ग को यातायात के लिए खोला गया। मार्ग खुलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से वाहनों को एक-एक कर आगे रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रातीघाट कफुल्टा मोटर मार्ग में दोपहर के समय काली मिट्टी के पास भारी मलबा आने से सड़क बंद हो गई। मार्ग बंद होने के कारण आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों ने मलबे के ऊपर से पैदल रास्ता पार कर अपने घरों तक पहुंचने का प्रयास किया। देर शाम जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मोटर मार्ग को भी यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया।