Uttrakhand News:उत्तराखंड में बारिश का कहर: 3 बच्चों समेत 11 की मौत, 2 लापता; दून में उफनाए नाले में बही कारें
उत्तराखंड में बारिश के कारण अलग-अलग जगहों पर तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग लापता हैं। देहरादून में सोमवार देर रात भारी बारिश के बीच दो कारें रपटे में बह गईं।
इस हादसे में एमबीबीएस छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीन युवाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के अनुसार, दो कारों में सवार पांच युवा पौंधा-कंडोली मार्ग की ओर जा रहे थे। तब रपटा उफान पर था और पानी के वेग में दोनों कारें अनियंत्रित होकर पलट गईं। इस हादसे में अक्षय (21) पुत्र मुकेश चौधरी निवासी किशनपुर गांव जयपुर राजस्थान और कनन सचदेवा (19) निवासी पीलीबंगा हनुमानगढ़ राजस्थान की मौत हो गई। कनन, गंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थी और अक्षय यूपीईएस बिधौली में बीटेक तीसरे वर्ष का छात्र था। अंधेरा होने के कारण कार सवार रपटे पर पानी के बहाव का अंदाजा नहीं लगा सके थे।
दूसरी ओर वाइल्ड लाइफ संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. गोपी जीवी के 12 वर्षीय बच्चे सम्राट का शव मंगलवार को बड़ोवाला पुल के पास आसन नदी के किनारे मिला। आशंका है कि घर के पास बरसाती नाले में बच्चा गया होगा। वहीं गूलरघाटी रोड, बालावाला में 10 वर्षीय दिव्यांग बच्चा केपी बह गया। खबर लिखे जाने तक बच्चे का पता नहीं लगा था।
🌸पारा सात डिग्री तक गिरा, आज भी अलर्ट
उत्तराखंड में सितंबर महीने की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई है। गढ़वाल से कुमाऊं तक अधिकांश जगह बारिश से तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी दून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे में कुमाऊं क्षेत्र के हल्द्वानी में सर्वाधिक 191.5 मिमी बारिश हुई। गढ़वाल मंडल में कालसी में 166.0 मिमी और हरिपुर में 163.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मालदेवता में 133.0, हाथीबड़कला में 114.0 मिमी बारिश हुई। वर्षा के कारण प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान में बड़ी गिरावट आई है। नई टिहरी में दिन का पारा सामान्य से सात डिग्री गिरकर 20 डिग्री दर्ज किया गया। दून में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम रहा।
🌸पैठाणी में नयार नदी में बही महिला, तलाश जारी
पैठाणी। पश्चिमी नयार नदी में एक महिला बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीमें महिला की तलाश में जुटी हैं। महिला की पहचान ग्राम पल्ली बनास सरहद के नागधार तोक निवासी आशा देवी (33) पत्नी दलवीर सिंह के रूप में की गई है। पैठाणी पुलिस, पाबौ और सतपुली थानों की पुलिस और एसडीआरएफ देर शाम तक महिला की तलाश में जुटी रहीं।
🌸नदी पार करते बहीं मां-बेटी, युवक बचा
कोटद्वार। कोटद्वार के सिगड्डी क्षेत्र में कोल्हू नदी को पार करते समय मंगलवार को बाइक सवार दंपति और उनकी एक साल की बच्ची बह गई। इस हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार युवक किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार सद्दाम (35) पुत्र रोशनदीन निवासी कोटकादार बिजनौर अपनी पत्नी जेनम (23) और पुत्री शहजादी उर्फ आफिया (1) के साथ मोटरसाइकिल से अपनी बहन की ससुराल नगीना देहात थाना क्षेत्र में आया था। वह सिगड्डी क्षेत्र के जंगल में रहकर दूध का काम करता था। मंगलवार को तीनों बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे।
🌸राज्य में 183 से अधिक सड़कें बंद
देहरादून। पहाड़ खिसकने और नदियां उफनाने से प्रदेशभर में 183 से अधिक प्रमुख व ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं । सोमवार को मसूरी मार्ग पर ग्लोगीधार में भूस्खलन के बाद मंगलवार सुबह पानी बैंड के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा। मलबे और पेड़ों की चपेट में आने से करीब दो मीटर सड़क भी टूट गई।