Almora News:गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, डायलिसिस सुविधा शुरू करने के प्रयास

0
ख़बर शेयर करें -

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, आकस्मिक ड्यूटी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार, प्लास्टर रूम तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने व्हीलचेयर एवं स्ट्रेचर की उपलब्धता का निरीक्षण किया तथा अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीडियाट्रिक एनआईसीयू वार्ड में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सकों से ली तथा जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उपचार संबंधी फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने रेफर रजिस्टर का अवलोकन करते हुए अनावश्यक रेफरल से बचने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री का सहज अंदाज: खटीमा में मेलाघाट रोड पर पैदल चले सीएम धामी, मिलन डेरी में पी चाय

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने खराब पड़ी डिजिटल एक्स-रे मशीन को तत्काल ठीक कर पुनः संचालित करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में डायलिसिस सुविधा जल्द से जल्द शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी कर सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डायलिसिस सुविधा शुरू होने से रानीखेत एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी तथा उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand Weather Update:उत्तराखंड में झमाझम बारिश से बदला मौसम: तापमान गिरा, आज भी देहरादून समेत 8 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

उन्होंने मरीजों की उपचार संबंधी हिस्ट्री को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं निगरानी और अधिक प्रभावी बनाई जा सके।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर अस्पताल प्रबंधन, मरीजों को समयबद्ध उपचार तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण एवं मानवीय व्यवहार अपनाने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित चिकित्सालय के चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *