Almora News:अल्मोड़ा में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त; 18 सड़कें बंद, भूस्खलन का खतरा बढ़ा
जिले में गुरुवार सुबह तक हुई लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीते 24 घंटे में जिले के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई, जिससे 14 राज्य मार्ग और चार ग्रामीण सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गईं।
वहीं, मलबा हटाने का कार्य चलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पहले से ही बंद है। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़कें खोलने के लिए मशीनों के साथ जुटे हुए हैं।
🌸पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका
बारिश का सबसे अधिक असर रानीखेत क्षेत्र में देखने को मिला, जहां 92.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा शीतखेत में 91 मिमी, सल्ट में 89 मिमी, चौखुटिया और भिकियासैंण में 81.5-81.5 मिमी, जैती में 80 मिमी, द्वाराहाट में 71 मिमी, जागेश्वर में 68.5 मिमी तथा अल्मोड़ा नगर में 63 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सोमेश्वर में 26 मिमी और बैस्याछाना में 43.5 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार, भूस्खलन के चलते 14 राज्य मार्ग और चार ग्रामीण सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों को तत्काल सड़कें खोलने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, कोसी और रामगंगा नदियों का जलस्तर बढ़ा जरूर है, लेकिन दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। कोसी बैराज का जलस्तर स्थिर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने जिले में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
🌸द्वाराहाट-चौखुटिया मार्ग पर गिरा विशाल पेड़, पांच घंटे बाद मार्ग सुचारु
अल्मोड़ा: लगातार बारिश के बीच गुरुवार तड़के द्वाराहाट-चौखुटिया मोटर मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र रानीखेत की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका।
गुरुवार की तड़के पांच बजे द्वाराहाट-चौखुटिया रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि विशाल पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरा हुआ था, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी।
फायर टीम ने बिना समय गंवाए वुडन कटर की सहायता से पेड़ को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग पर फंसे वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई गई। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद टीम वापस फायर स्टेशन लौट आई।
राहत अभियान में लीडिंग फायरमैन चन्दन सिंह, चालक दयाधर ध्यानी और फायरमैन दिनेश सिंह शामिल रहे। विभाग ने बरसात के मौसम में यात्रियों से सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।