Almora News:पार्षदों एवं मंदिर समित अध्यक्ष की पर्यटकों से अपील, ना आये भ्रामक प्रचार में, शहर की छवि धूमिल करने के लिए वीडियो बनाने वाले की करी भर्त्सना
अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के पार्षद अमित साह मोनू, अर्जुन बिष्ट एवं मां नंदादेवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए इसे शहर की छवि को धूमिल करने का प्रयास बताया है। उन्होंने संयुक्त रूप से जारी संदेश में कहा कि अल्मोड़ा जैसे सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व के शहर को बदनाम करने की यह एक सुनियोजित साज़िश प्रतीत होती है, जिसकी वे घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा निजी स्वार्थों एवं ओछी राजनीति से प्रेरित होकर इस प्रकार का कृत्य किया जाना न केवल अनुचित है, बल्कि यह हमारी सामूहिक चेतना और शहर के गौरव का भी अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारा शहर हमारा अभिमान है और इसकी गरिमा को ठेस पहुँचाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे अल्मोड़ा आएं, यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत एवं आतिथ्य का अनुभव करें और किसी भी भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें।पार्षदों ने जानकारी दी कि मॉल रोड क्षेत्र में महिलाओं के लिए हाईटेक शौचालय पूर्णतः कार्यशील अवस्था में उपलब्ध है। साथ ही, बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण हेतु कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें इसमें पार्षद अमित साह मोनू पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा मां नंदा देवी के मंदिर कमेटी अध्यक्ष मनोज वर्मा सचिव मनोज सनवाल कृष्ण बहादुर सिंह आदि रहे।
