अल्मोड़ा में 22 से 28 अक्टूबर तक सजेगा ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’, देशभर के कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति की छटा
अल्मोड़ा में 22 से 28 अक्टूबर तक सजेगा ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’, देशभर के कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति की छटा
अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में ‘संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति’ के तत्वावधान में भव्य ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय महोत्सव 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक ओल्ड कलेक्ट्रेट स्थित ऐतिहासिक मल्ला महल के प्रांगण में आयोजित होगा, जिसमें देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध विरासत के साथ देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
भव्य शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
महोत्सव का आगाज़ 22 अक्टूबर को एक विशाल और भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा शहर के ड्यूडी पोखर से शुरू होकर मल्ला महल तक निकाली जाएगी, जिसमें स्थानीय लोक कलाकार, सांस्कृतिक दल और नगरवासी पारंपरिक परिधानों में बढ़-चढ़कर शामिल होंगे।
देशभर के कलाकार बिखेरेंगे जलवा
इस सांस्कृतिक महाकुंभ में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध कलाकारों के अलावा देश के कई प्रमुख राज्यों—कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश और असम से आए लोक कलाकार अपनी-अपनी लोक संस्कृति और नृत्यों की प्रस्तुतियां देंगे।
विकास भारद्वाज की प्रस्तुति और ‘लाफ्टर नाइट’ विशेष आकर्षण
25 अक्टूबर: सुप्रसिद्ध लोक गायक विकास भारद्वाज अपने गीतों से समां बांधेंगे।
27 अक्टूबर: ‘लाफ्टर नाइट’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के जाने-माने हास्य कवि शंभू शिखर अपनी हास्य रचनाओं से दर्शकों को गुदगुदाएंगे।
वरिष्ठ कलाकारों का होगा सम्मान व उभरती प्रतिभाओं को मंच
महोत्सव के दौरान क्षेत्र की कला और संस्कृति को लंबे समय तक सहेजने वाले वरिष्ठ एवं पुराने कलाकारों को सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। इसके साथ ही, उत्तराखंड के उभरते और स्थापित स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का बेहतरीन मंच मिलेगा।
