अल्मोड़ा में ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज, कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 7 दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ

अल्मोड़ा में ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज, कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 7 दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ

 

 

 

अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में सात दिवसीय ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ का गुरुवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। ड्यूनी पोखर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा नगर के मुख्य बाजारों से होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल पहुंची, जहां न्याय के देवता भगवान गोलू जी की विशेष पूजा-अर्चना के बाद महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

 

 

 

महोत्सव का उद्घाटन नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष मिली लटवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला तथा पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 

 

 

 

ऐपण प्रतियोगिता में दिखी लोकसंस्कृति की छाप: महोत्सव के पहले दिन पारंपरिक ऐपण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक धरोहर की बेहद खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।

 

 

 

 

सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण मुख्य उद्देश्य: आयोजकों के अनुसार, जय गोल्ज्यू महोत्सव का मुख्य उद्देश्य कुमाऊं की पौराणिक धार्मिक आस्था, लोकपरंपराओं और कलात्मक विरासत को संजोए रखना है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ी रहे। यह आयोजन न केवल स्थानीय कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक पर्यटन और सामाजिक सहभागिता को भी नई दिशा देगा।

 

 

 

 

नगर में उत्सव का माहौल: महोत्सव के शुरू होते ही पूरी अल्मोड़ा नगरी में उत्सव और उमंग का माहौल बन गया है। आगामी दिनों में महोत्सव के तहत विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक, रचनात्मक और लोककला से जुड़ी प्रतियोगिताएं व संध्याएं आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

इस अवसर पर राजीव गुरुरानी, प्रकाश भट्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, हरीश कनवान, संदीप सिंह, पूनम पालीवाल, मनोहर नेगी, रजा अली अंसारी, त्रिलोकराम, मनीष जोशी, लता तिवारी, गोपाल मेहरा सहित नगर निगम के पार्षद एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement