Best Tourism Village:पिथौरागढ़ के सरमोली को मिला सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार

पिथौरागढ़ जिले के सरमोली गांव को देश का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सरमोली गांव की मल्लिका विर्दी ने दिल्ली में पुरस्कार लिया। गांव को पुरस्कार मिलने से जिले भर में खुशी की लहर है।
🔹मान्यता प्राप्त करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की
बुधवार को प्रगति मैदान दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण पर्यटन की नोडल अधिकारी कामाक्षी माहेश्वरी ने मल्लिका विर्दी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान मल्लिका विर्दी ने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र में नैतिक और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई वर्षों से कई लोगों ने काम किया है। नेतृत्व असाधारण रहा है और समुदाय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है।
🔹पर्यावरण संरक्षण की दुनिया में कड़ी मेहनत की
यह मुनस्यारी, उत्तराखंड और उन सभी लोगों खासकर महिलाओं के लिए गर्व की बात है, जिन्होंने अपने अधिकारों के साथ ही पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की दुनिया में एक विशिष्ट स्थान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने इस प्रयास को सफल बनाने के लिए सभी लोगों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि सरमोली गांव ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पर्यटन का मॉडल बन सकता है। इस मौके पर त्रिलोक राना सहित कई लोग मौजूद रहे।
🔹इसलिए मिला सरमोली को राष्ट्रीय पुरस्कार
2004 से पर्यटन और अन्य गतिविधियों को बढ़ाने का किया जा रहा कार्य।वर्ष 2004 में मल्लिका विर्दी के मार्गदर्शन में सामुदायिक आधारित होम स्टे और प्रकृति कार्यक्रम शुरू किया गया था। मल्लिका विर्दी दो बार (2004 से 2010 और 2017 से 2022) वन पंचायत की सरपंच रहीं। उनके नेतृत्व में प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने, जंगल और जल संरक्षण के प्रयासों को बढ़ाने का कार्य किया गया। उन्होंने जंगल और विशेष रूप से मेसर कुंड को पुनर्जीवित करने के प्रयास किए थे। 2007 से मेसर वन कौतिक नामक एक लोकप्रिय वन मेले के साथ-साथ हिमाल कलासूत्र नामक एक प्रकृति और संस्कृति उत्सव आयोजित करना शुरू किया। हिमाल कलासूत्र के दौरान, पक्षी उत्सव, तितली और कीट उत्सव, पारंपरिक भोजन उत्सव, डामो नगाड़ा ढोल उत्सव, खलिया चैलेंज नामक एक नवाचारी उच्च ऊंचाई मैराथन और कई ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे सरमोली गांव को पूरे देश में पहचान मिली।