Almora News:क्वारब बाईपास पर 8 और 9 सितंबर को भारी वाहनों और बसों की आवाजाही बंद, डीएम अंशुल सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण
डीएम अंशुल सिंह ने क्वारब बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने और बोल्डर आने की आशंका को देखते बाईपास मार्ग पर आठ और नौ सितंबर को भारी वाहनों और यात्री बसों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
डीएम ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण के आदेश जारी किए। ताकि मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन से किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। प्रतिबंध की अवधि के दौरान केवल हल्के वाहनों और एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को ही बाईपास मार्ग से आने-जाने की अनुमति होगी। बड़े और भारी वाहनों के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने अल्मोड़ा-विश्वनाथ-शहरफाटक मोटर मार्ग और खैरना-रानीखेत को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने लोनिवि और एनएच अधिकारियों को मलबे की तुरंत सफाई करने तथा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों को पूरी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने को कहा है ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।